डिजिटल अरेस्ट (Digital Arrest) क्या है और इस साइबर फ्रॉड से कैसे बचें? पूरी जानकारी

तकनीक बढ़ने के साथ साइबर अपराधियों का तरीका भी बदल गया है। पहले जहाँ लालच देकर फंसाया जाता था, वहीं अब उनका सबसे बड़ा हथियार बन चुका है—'डर' (Fear)। अब 'डिजिटल अरेस्ट' के नाम पर लोगों को पुलिस और कानून का डर दिखाकर उनके ही घर में बंधक बना लिया जाता है और लाखों की ठगी की जाती है। आइए समझते हैं कि यह पूरा फ्रॉड कैसे काम करता है और इससे खुद को सुरक्षित कैसे रखें।

डिजिटल अरेस्ट स्कैम क्या है और इससे कैसे बचें

डिजिटल अरेस्ट क्या है?

भारतीय कानून या किसी भी सरकारी जाँच एजेंसी की नियमावली में 'डिजिटल अरेस्ट' नाम की कोई कानूनी प्रक्रिया नहीं है।

यह पूरी तरह से साइबर अपराधियों द्वारा रचा गया एक मनोवैज्ञानिक जाल (Psychological Trap) है। इसमें अपराधी खुद को पुलिस, सीबीआई (CBI), एनआईए (NIA), कस्टम्स, प्रवर्तन निदेशालय (ED), नारकोटिक्स (NCB), सेबी (SEBI) या ट्राई (TRAI) का बड़ा अधिकारी बताकर आम नागरिकों को सामान्य फोन कॉल और फिर वीडियो कॉल करते हैं।

साइबर अपराधियों की कार्यप्रणाली (Modus Operandi):

  • पहला संपर्क: शुरुआत एक सामान्य ऑडियो कॉल से होती है, जिसमें किसी गंभीर अपराध में आपका नाम आने का दावा किया जाता है।

  • वीडियो कॉल पर लाना: इसके बाद पीड़ित को किसी शांत या खाली कमरे में जाकर स्काइप या व्हाट्सएप वीडियो कॉल पर जुड़ने का निर्देश दिया जाता है।

  • फर्जी माहौल का निर्माण: पीड़ित को भरोसा दिलाने के लिए अपराधी पुलिस थाने जैसा बैकग्राउंड, वर्दी, सरकारी लोगो, नकली आईडी कार्ड और कोर्ट के फर्जी दस्तावेज दिखाते हैं।

  • डिजिटली बंधक बनाना: अपराधी कमरे के चारों ओर 360 डिग्री कैमरा घुमाने को कहते हैं ताकि यह पक्का हो सके कि पीड़ित अकेला/अकेली है। वीडियो कॉल काटने पर तुरंत घर पर पुलिस भेजने या फिर परिवार को जेल में डालने की धमकी देकर घंटों या कई दिनों तक वीडियो कॉल चालू रखने पर मजबूर किया जाता है।

  • रकम की उगाही: मामले को रफा-दफा करने, बैंक अकाउंट "वेरिफाई" करने या जमानत राशि के नाम पर पीड़ित से ऑनलाइन भारी रकम ट्रांसफर करवा ली जाती है।

साइबर अपराधी लोगों को डराने के लिए किन आरोपों का सहारा लेते हैं?

साइबर अपराधी आमतौर पर ऐसे अपराधों की फर्जी कहानियां बनाते हैं जिनसे कोई भी आम इंसान तुरंत घबरा जाए जैसे कि:

  • मनी लॉन्ड्रिंग: पीड़ित के मोबाइल नंबर या बैंक खाते का इस्तेमाल हवाला या काले धन को सफेद करने में होने का दावा करना।
  • ड्रग ट्रैफिकिंग (नशा तस्करी): यह कहना कि आपके नाम से विदेश भेजा जा रहा एक पार्सल कस्टम्स ने पकड़ा है, जिसमें कोकीन या हेरोइन जैसे प्रतिबंधित ड्रग्स मिले हैं।
  • पहचान की चोरी (Identity Theft): आधार या पैन नंबर का इस्तेमाल करके कई फर्जी बैंक खाते या अवैध सिम कार्ड सक्रिय करने का आरोप लगाना।
  • टैक्स चोरी: यह दावा करना कि आपने करोड़ों की टैक्स चोरी की है और अब आयकर विभाग व ईडी आपके खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी कर चुके हैं।
  • अवैध पार्सल: जाली पासपोर्ट, हथियार या प्रतिबंधित सामान वाले पार्सल पर आपका पता होने की बात कहकर कानूनी कार्रवाई की धमकी देना।
  • साइबर अपराध और हैकिंग: यह दावा करना कि आपके कंप्यूटर या मोबाइल के आईपी एड्रेस से सरकारी वेबसाइट्स पर हैकिंग या फिशिंग अटैक हुआ है।
  • मानव तस्करी (Human Trafficking): पीड़ित को किसी अंतरराष्ट्रीय मानव तस्करी नेटवर्क का हिस्सा बताकर जेल भेजने का डर दिखाना।
  • आतंकी फंडिंग: यह आरोप लगाना कि आपके बैंक खाते का प्रयोग आतंकी गतिविधियों में आर्थिक मदद देने में हुआ है और एनआईए कार्रवाई करने वाली है।
  • फर्जी अरेस्ट वारंट: सुप्रीम कोर्ट या हाईकोर्ट के फर्जी सील-सिक्के वाले अरेस्ट वारंट की कॉपी स्क्रीन पर दिखाकर तुरंत गिरफ्तारी का डर पैदा करना।
  • परिवार के सदस्य की गिरफ्तारी: ये दावा करना कि आपके बेटे, बेटी, भाई या किसी नजदीकी रिस्तेदार  को किसी गंभीर अपराध में पकड़ा गया है और उन्हें तुरंत छुड़ाने के लिए पैसे चाहिए।

साइबर अपराधियों को आपकी निजी जानकारी कहाँ से मिलती है?

साइबर अपराधी उन्हीं लोगों को चुनते हैं जिनके खातों में अच्छे खासे पैसे होने की संभावना हो। उनके पास आम लोगों का निजी डेटा इन मुख्य तरीकों से पहुँचता है:

  • प्रीमियम सेवाओं के डेटा लीक: लग्जरी ब्रांड्स, प्राइवेट बैंक और ओटीटी प्लेटफॉर्म्स (Netflix, Amazon Prime आदि) के लीक डेटा से ठगों को आर्थिक रूप से संपन्न लोगों का पता चलता है।
  • डार्क वेब (Dark Web): हैक किए गए डेटाबेस से नाम, पते, मोबाइल नंबर और वित्तीय जानकारी डार्क वेब पर बहुत कम दामों में उपलब्ध हो जाती है।
  • सोशल मीडिया लाइफस्टाइल: सोशल मीडिया पर लगातार महंगी गाड़ियों, महंगे फोन, यात्राओं और घर की तस्वीरें पोस्ट करने वालों पर साइबर अपराधी नजर रखते हैं।
  • प्रोफेशनल पोर्टल्स: लिंक्डइन और जॉब पोर्टल्स से सीनियर अधिकारियों, प्रोफेशनल्स और सेवानिवृत्त कर्मचारियों की जानकारी जुटाई जाती है।
  • फिशिंग मैसेज: पैन-आधार लिंक या फर्जी बैंक केवाईसी (KYC) अपडेट के नाम पर भेजे गए लिंक से संवेदनशील वित्तीय जानकारी हासिल की जाती है।
  • कॉल सेंटर और मार्केटिंग डेटा: कई टेलीमार्केटिंग और थर्ड-पार्टी एजेंसियों से डेटाबेस खरीदकर सीधे टारगेटेड कॉल किए जाते हैं।

डिजिटल अरेस्ट स्कैम के कुछ वास्तविक मामले

यह स्कैम सिर्फ पैसे नहीं छीनता, बल्कि लोगों को गहरे मानसिक तनाव में धकेल देता है। स्कैम के कुछ उदहारण:

  • मुंबई (₹20.25 करोड़ की ठगी): एक 86 वर्षीय बुजुर्ग महिला को लगभग 4 महीने तक डिजिटल अरेस्ट में रखा गया। उन्हें मनी लॉन्ड्रिंग का डर दिखाकर और फर्जी पुलिस स्टेशन का वीडियो सेटअप दिखाकर अलग-अलग बैंक खातों में ₹20.25 करोड़ ट्रांसफर करवा लिए गए।
  • प्रतापगढ़ का दुखद मामला: पंचायत राज विभाग के एक 52 वर्षीय सफाई कर्मचारी को लखनऊ क्राइम ब्रांच का डर दिखाकर ₹1 लाख और गहने गिरवी रखवाकर ठग लिए गए। अत्यधिक मानसिक दबाव और कर्ज के चलते पीड़ित ने आत्महत्या कर ली। (पुलिस ने बाद में 4 आरोपियों को पकड़ा)।
  • मऊगंज (मध्य प्रदेश): एक 35 वर्षीय शिक्षिका को पार्सल में अवैध सामान का डर दिखाकर ₹27,500 ट्रांसफर करवाए गए। लोक-लाज और गिरफ्तारी के डर से घबराकर पीड़िता ने जहर खा लिया और अस्पताल ले जाते समय उनकी मृत्यु हो गई।
  • सूझबूझ से बचा मामला: मेरे एक पहचान के व्यक्ति को पुलिस के नाम से कॉल करके धमकाया गया। घबराने के बजाय वह सीधे अपने एक मित्र के पास गया और उसे सारी बात बताई, जिससे यह स्पष्ट हो गया कि कॉल फर्जी थी और सतर्कता के कारण एक बड़ी ठगी टल गई।
इनके अलावा ऐसे बहुत सारे मामले हैं जिनमें लोगों ने या तो अपने मेहनत की कमाई गवाईं या फिर जागरूकता और सतर्कता से इस स्कैम या फ्रॉड का शिकार होते-होते बचे।

डिजिटल अरेस्ट से बचने के ठोस उपाय

अगर आपके पास कोई भी ऐसी धमकी भरी कॉल आती है, तो इन बातों का कड़ाई से पालन करें:

1. अनजान कॉल्स और धमकियों पर तुरंत भरोसा न करें

  • कोई भी वास्तविक जांच एजेंसी फोन या वीडियो कॉल पर मुकदमा दर्ज करने या पैसे मांगने का काम नहीं करती।
  • कॉलर आईडी या प्रोफाइल फोटो पर पुलिस का लोगो देखकर भ्रमित न हों या डरें नहीं।
2. कोई भी निजी या बैंकिंग से सम्बंधित जानकारी शेयर न करें
  • बैंक अकाउंट नंबर, ओटीपी, आधार या पैन विवरण कभी किसी को न दें।
  • वीडियो कॉल पर अपने पहचान पत्र कैमरे के सामने न दिखाएं।
3. घबराहट में तुरंत पैसे ट्रांसफर न करें
  • साइबर अपराधियों का मुख्य उद्देश्य आपको सोचने का समय न देना और पैसे ऐंठना होता है।
  • अकेले कमरे में बंद रहने के बजाय तुरंत दरवाजा खोलें और अपने परिवार, दोस्तों या पड़ोसियों को पूरी बात बताएं।
4. तुरंत शिकायत दर्ज कराएं
  • हेल्पलाइन नं. 1930: तुरंत राष्ट्रीय साइबर अपराध हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें।
  • ऑनलाइन पोर्टल: cybercrime.gov.in पर जाकर स्क्रीनशॉट, बैंक डिटेल्स और कॉल लॉग्स के साथ शिकायत दर्ज करें।
  • बैंक को सूचित करें: अपने बैंक को तुरंत बताएं ताकि वे संबंधित लेनदेन को रोक सकें और जिस अकाउंट में पैसे गए हैं उसे फ्रीज किया जा सके।
  • यूपीआई और एनपीसीआई: गूगल पे, फोनपे जैसे यूपीआई प्रोवाइडर्स और npci.org.in पर भी फ्रॉड रिपोर्ट दर्ज करें।

सरकार और एजेंसियों द्वारा किए जा रहे जागरूकता प्रयास

  • दूरसंचार विभाग (DoT): संदिग्ध अंतरराष्ट्रीय कॉल्स और फ्रॉड नंबर्स को ब्लॉक करने के साथ कॉलरट्यून के जरिए जागरूक करता रहा है।
  • CERT-In और पुलिस विभाग: राज्यों की साइबर सेल और CERT-In द्वारा डिजिटल अरेस्ट के तौर-तरीकों पर नियमित एडवाइजरी जारी की जा रही है।
  • हेल्पलाइन 1930: वित्तीय फ्रॉड की त्वरित रिपोर्टिंग के लिए सिंगल-विंडो सिस्टम तैयार किया गया है।

क्या ठगे गए पैसे वापस मिल सकते हैं?

हाँ, लेकिन इसके लिए समय (Golden Hour) सबसे महत्वपूर्ण है। यदि पैसे कटने के 1 से 2 घंटे के भीतर शिकायत दर्ज हो जाए, तो पैसे रिकवर होने की संभावना काफी बढ़ जाती है। कुछ मामलों के उदहारण, जिनमें पैसे वापस मिले:
  • दिल्ली (₹2.2 करोड़ की पूरी रिकवरी): दिल्ली के 92 वर्षीय बुजुर्ग से फर्जी वारंट दिखाकर ठगे गए पूरे ₹2.2 करोड़ दिल्ली पुलिस की साइबर यूनिट ने त्वरित कार्रवाई कर खाते फ्रीज करवाकर वापस दिलवाए।
  • पुणे: एक सेवानिवृत्त महिला वैज्ञानिक से ठगे गए ₹1.82 करोड़ में से ₹40 लाख साइबर पुलिस ने समय रहते बैंक खाते में रोककर कोर्ट के जरिए वापस दिलाए।
  • गुरुग्राम (₹50,000 की रिकवरी): पार्सल फ्रॉड में फंसी महिला ने पैसे कटते ही पोर्टल पर रिपोर्ट की। पुलिस ने तुरंत उस बैंक खाते को फ्रीज कर दिया जहाँ से साइबर अपराधी पैसे नहीं निकाल पाए थे, और जांच के बाद पूरी राशि खाते में वापस आई।

अक्सर पूछे जाने वाले सवाल (FAQs) ➔ 

1. प्र. क्या भारतीय कानून में 'डिजिटल अरेस्ट' का कोई प्रावधान है?

उ: नहीं। भारतीय कानून (BNS या CrPC) या किसी भी सरकारी जांच एजेंसी (CBI, ED, पुलिस) के नियमों में डिजिटल अरेस्ट नाम की कोई कानूनी प्रक्रिया नहीं है। यह 100% साइबर फ्रॉड है।

2. प्र. यदि कोई पुलिस या सीबीआई अधिकारी बनकर वीडियो कॉल करे, तो क्या करें?

उ: तुरंत कॉल काट दें। कोई भी असली पुलिस या कानूनी एजेंसी कभी भी व्हाट्सएप, स्काइप या वीडियो कॉल पर गिरफ्तारी, पूछताछ या पैसों की मांग नहीं करती।

3. प्र. डिजिटल अरेस्ट स्कैम में पैसे ट्रांसफर हो जाएं, तो तुरंत क्या करना चाहिए?

उ: तुरंत 'गोल्डन ऑवर'(पहला 1 घंटा) के भीतर नेशनल साइबर हेल्पलाइन 1930 पर कॉल करें, अपने बैंक को सूचित कर खाता फ्रीज करवाएं और cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज करें।

डिजिटल अरेस्ट पूरी तरह से एक संगठित मानसिक अपराध है, जिसका कानून में कोई अस्तित्व नहीं है। ऐसे मामलों में आपकी सबसे बड़ी ढाल है—धैर्य, सतर्कता और त्वरित संवाद।

किसी भी अज्ञात व्यक्ति के दबाव में आकर कभी अकेले में फैसला न लें। इस जानकारी को अपने परिवार, दोस्तों और विशेषकर घर के वरिष्ठ सदस्यों के साथ जरूर साझा करें ताकि कोई भी इस डिजिटल जाल का शिकार न बने।

Chandan Pandey

नमस्कार दोस्तों, मेरा नाम चंदन पाण्डेय है। मैं विज्ञान, आधुनिक तकनीक और फ्यूचर टेक (AI, रोबोटिक्स और नेक्स्ट-जेन इनोवेशन) की दुनिया को गहराई से एक्सप्लोर करने वाला एक टेक-साइंटिफिक क्रिएटर हूँ। मुझे इन विषयों में गहरी रुचि है और मैं इनसे जुड़ी प्रामाणिक जानकारियाँ आप तक पहुँचाना चाहता हूँ। आइए, साथ मिलकर विज्ञान और तकनीक की इस दुनिया को गहराई से समझें और अपने विचार साझा करें!

Post a Comment

Previous Post Next Post