DNA Digital Data Storage क्या है और कैसे काम करता है? पूरी जानकारी

DNA Digital Data Storage (जिसे आम बोलचाल में DNA Data Storage भी कहा जाता है) एक ऐसी आधुनिक बायोटेक्नोलॉजी है जिसमें कंप्यूटर के डिजिटल डेटा (0s और 1s के Binary Code) को DNA के चार रासायनिक अक्षरों- A, C, G, T (Adenine, Cytosine, Guanine, Thymine) में बदलकर सिंथेटिक DNA मॉलिक्यूल्स के रूप में सुरक्षित स्टोर किया जाता है। इसे पढ़ने के लिए DNA Sequencing और लिखने के लिए DNA Synthesis का उपयोग होता है।

DNA Digital Data Storage concept with binary code


दुनिया में हर सेकंड लाखों टेराबाइट डेटा जनरेट हो रहा है- चाहे वह YouTube के 4K वीडियो हों, AI मॉडल्स का ट्रेनिंग डेटा हो या सोशल मीडिया और सैटेलाइट इमेजरी। एक अनुमान के अनुसार दुनिया में 2025 में लगभग 181 Zettabytes नया डेटा जनरेट हुआ था और 2026 में इसके बढ़कर लगभग 221 Zettabytes होने का अनुमान है।

वैसे तो, इस कुल उत्पादित डेटा का एक बड़ा हिस्सा अस्थायी (transient) या क्षणिक होता है- जैसे लाइव वीडियो स्ट्रीम या टेम्पररी कैश फाइल्स, जिसे हमेशा के लिए स्टोर करने की जरुरत नहीं पड़ती। असली परेशानी तब पैदा होती है जब हम उस कीमती डेटा की बात करते हैं जिसे लंबे समय तक सुरक्षित रखना जरुरी है- जैसे कि AI मॉडल ट्रेनिंग डेटासेट्स, ऐतिहासिक और सरकारी दस्तावेज़, वैज्ञानिक शोध और कॉर्पोरेट आर्काइव्स। 

आज के पारंपरिक स्टोरेज माध्यम (HDD, SSD और मैग्नेटिक टेप) 3 से 15 सालों में खराब होने लगते हैं, जिससे डेटा को बार-बार नई ड्राइव्स में कॉपी (refresh) करना पड़ता है। साथ ही इन विशालकाय डेटा सेंटर्स को 24 घंटे ठंडा रखने के लिए भारी मात्रा में बिजली, पानी और ज़मीन की ज़रूरत होती है, जो इसे लंबे समय के लिए पूरी तरह से अव्यावहारिक बनाता है। यही कारण है कि प्रकृति के जैविक डीएनए से प्रेरणा लेते हुए, वैज्ञानिकों ने इस डेटा संकट का सबसे क्रांतिकारी समाधान खोजा है, वह है- DNA Digital Data Storage

DNA में डेटा कैसे स्टोर होता है?

  • कंप्यूटर और इंसानी सेल में एक बहुत बड़ी समानता है: दोनों ही कोड पर चलते हैं।

  • कंप्यूटर 2 अंकों वाली भाषा (0 और 1) समझता है, जबकि हमारा DNA 4 अक्षरों वाली रासायनिक भाषा (A, C, G, T) पर काम करता है।

DNA digital data storage step by step workflow process


डिजिटल फाइल को DNA में बदलने और वापस पढ़ने का पूरा प्रोसेस 5 मुख्य चरणों में होता है:

[डिजिटल फाइल: 010101]
↓
1. Encoding (Software: 0s & 1s → A, C, G, T)
↓
2. DNA Synthesis (Hardware: Chemical/Enzymatic Writing)
↓
3. Physical Storage (Test Tube/Silica Capsules - No Power Needed)
↓
4. DNA Sequencing (Hardware: Reading Bases)
↓
5. Decoding (Software: A, C, G, T → 010101)
↓

[ओरिजिनल डिजिटल फाइल रिकवर]

1. डिजिटल डेटा की Encoding: आधुनिक वैज्ञानिक मानक (Rotating Base Encoding)

कंप्यूटर का डेटा 0s और 1s (Binary Code) में होता है, जबकि DNA चार रासायनिक अक्षरों- A, C, G, T पर काम करता है।

शुरुआती शोध में बाइनरी को सीधे चार अक्षरों में मैप करने का प्रयास किया गया था:

  • 00 = A, 01 = C, 10 = G, 11 = T

यह तरीका व्यावहारिक रूप से काम क्यों नहीं करता?

अगर कंप्यूटर फाइल में लगातार 000000 या 010101 जैसी बाइट्स आ जाएं तो DNA में AAAA... या CCCC... जैसे लंबे एक समान अक्षरों के गुच्छे बन जाते हैं, जिन्हें विज्ञान में होमोपॉलिमर (Homopolymers) कहा जाता है। जब आधुनिक सीक्वेंसर मशीनें (जैसे Illumina या Oxford Nanopore) इन्हें पढ़ती हैं तो वे यह सटीक नहीं माप पातीं कि एक अक्षर 5 बार था या 6 बार। इससे बड़े पैमाने पर Insertion/Deletion (Indel) गलतियाँ हो जाती हैं और मूल फाइल हमेशा के लिए करप्ट हो जाती है। इसके अलावा, GC-कंटेंट असंतुलित होने से डीएनए मॉलिक्यूल भौतिक रूप से अस्थिर हो जाता है।

आधुनिक मानक: रोटेटिंग बेस एनकोडिंग (Goldman Rotating Base Method)

इस समस्या को हल करने के लिए आधुनिक डीएनए डेटा स्टोरेज में यूरोपीय बायोइनफॉर्मेटिक्स संस्थान (EBI) के वैज्ञानिक निक गोल्डमैन द्वारा विकसित Rotating Base Encoding और DNA Fountain Codes का उपयोग किया जाता है।

इस तकनीक में:

  1. बाइनरी डेटा (0s और 1s) को पहले Base-3 (Ternary Code: 0, 1, 2) में बदला जाता है।
  2. हर अगला DNA अक्षर पिछले अक्षर के आधार पर घूमता (Rotate होता) है।
  3. सुनिश्चित नियम: कोई भी नया अक्षर अपने तुरंत पिछले अक्षर के समान नहीं हो सकता, जिससे कभी भी लगातार दो समान अक्षर (AA, CC, GG या TT) नहीं बन सकते।

रोटेशन मैट्रिक्स (Goldman Rotation Matrix Rule):
  • A के बाद: 0 → C | 1 → G | 2 → T
  • C के बाद: 0 → G | 1 → T | 2 → A
  • G के बाद: 0 → T | 1 → A | 2 → C
  • T के बाद: 0 → A | 1 → C | 2 → G

एक पूर्ण वैज्ञानिक उदाहरण: "GadgetVaani" को रोटेटिंग DNA कोड में बदलना

आइए देखते हैं कि "GadgetVaani" शब्द के अक्षरों को ASCII मान, 5-अंकीय बेस-3 (Ternary) और रोटेटिंग मैट्रिक्स के जरिए बिना किसी होमोपॉलिमर एरर के वास्तविक DNA कोड में कैसे बदला जाता है।

(नोट: एनकोडिंग की शुरुआत के लिए एक मानक संदर्भ बेस 'A' माना गया है। इसके बाद  हर अगला अक्षर अपने ठीक पिछले बेस से  लगातार रोटेट होता है, जिससे अक्षरों के जुड़ने पर भी कभी कोई दोहराव नहीं होता)
  • G: ASCII 71 | बेस-3: 02122 | पिछला बेस: A | रोटेटिंग DNA: CAGCA (अंतिम बेस: A)
  • a: ASCII 97 | बेस-3: 10121 | पिछला बेस: A | रोटेटिंग DNA: GTCAG (अंतिम बेस: G)
  • d: ASCII 100 | बेस-3: 10201 | पिछला बेस: G | रोटेटिंग DNA: ACACT (अंतिम बेस: T)
  • g: ASCII 103 | बेस-3: 10211 | पिछला बेस: T | रोटेटिंग DNA: CGCTC (अंतिम बेस: C)
  • e: ASCII 101 | बेस-3: 10202 | पिछला बेस: C | रोटेटिंग DNA: TATAT (अंतिम बेस: T)
  • t: ASCII 116 | बेस-3: 11022 | पिछला बेस: T | रोटेटिंग DNA: CTATG (अंतिम बेस: G)
  • V: ASCII 86 | बेस-3: 10012 | पिछला बेस: G | रोटेटिंग DNA: ACGAT (अंतिम बेस: T)
  • a: ASCII 97 | बेस-3: 10121 | पिछला बेस: T | रोटेटिंग DNA: CGATC (अंतिम बेस: C)
  • a: ASCII 97 | बेस-3: 10121 | पिछला बेस: C | रोटेटिंग DNA: TAGCT (अंतिम बेस: T)
  • n: ASCII 110 | बेस-3: 11002 | पिछला बेस: T | रोटेटिंग DNA: CTACA (अंतिम बेस: A)
  • i: ASCII 105 | बेस-3: 10220 | पिछला बेस: A | रोटेटिंग DNA: GTGCG (अंतिम बेस: G)

GadgetVaani (पूरा DNA सीक्वेंस):

CAGCA GTCAG ACACT CGCTC TATAT CTATG ACGAT CGATC TAGCT CTACA GTGCG

(नोट: इस पूरे 55-अक्षरों के अनुक्रम में कहीं भी कोई भी अक्षर लगातार दो बार नहीं आया है- ना शब्द के भीतर और ना ही दो अक्षरों के जुड़ने की जगह पर। साथ ही बड़े पैमाने के डेटा के लिए Reed-Solomon एरर करेक्शन और DNA Fountain एल्गोरिदम जोड़कर 100% सटीक फाइल रिकवरी सुनिश्चित की जाती है।)

2. DNA Synthesis (डेटा को फिजिकली लिखना)

कंप्यूटर पर कोड तैयार होने के बाद लैब में DNA Synthesizer मशीन का उपयोग करके असली सिंथेटिक DNA स्ट्रैंड्स तैयार किए जाते हैं। यह कोई इंसानी या जिन्दा DNA नहीं होता, बल्कि लैब में रसायनों (Phosphoramidite Chemistry या नए Enzymatic Synthesis) द्वारा बनाया गया आर्टिफिशियल मॉलिक्यूल होता है। मशीन सॉफ्टवेयर के निर्देशानुसार एक-एक बेस (A, C, G, T) को जोड़कर DNA की छोटी-छोटी कड़ियां (Oligonucleotides) बना देती है।

3. स्टोरेज और प्रिजर्वेशन (Cold Storage)

  • एक बार जब DNA बन जाता है, तो उसे पानी या लिक्विड सॉल्यूशन से सुखाकर छोटे-छोटे Silica Beads (कांच जैसे सूक्ष्म कैप्सूल) या स्टेनलेस स्टील कैप्सूल में सील कर दिया जाता है।
  • इसे रखने के लिए किसी सर्वर रैक या बिजली की ज़रूरत नहीं होती।
  • कमरे के सामान्य तापमान पर या हल्के ठंडे और सूखे वातावरण में यह बिना किसी पावर सप्लाई के हज़ारों सालों तक सुरक्षित रहता है।

4. Retrieval & Random Access (फ़ाइल खोजना)

  • जब अरबों DNA स्ट्रैंड्स के पूल में से कोई ख़ास फ़ाइल निकालनी होती है, तो PCR (Polymerase Chain Reaction) तकनीक का उपयोग किया जाता है।
  • हर डेटा स्ट्रैंड के दोनों सिरों पर एक खास डिजिटल पता (Index Primer) लगा होता है।
  • PCR प्राइमर की मदद से सिर्फ उसी ख़ास फ़ाइल की लाखों कॉपियाँ बना ली जाती हैं, जिसे आप ढूंढ रहे हैं।

5. DNA Sequencing और Decoding (डेटा पढ़ना)

  • फ़ाइल को वापस कंप्यूटर में देखने के लिए DNA Sequencer (जैसे Illumina या Oxford Nanopore) का उपयोग किया जाता है।
  • सीक्वेंसर मॉलिक्यूल को स्कैन करके पढ़ता है कि उसमें A, C, G, T का क्रम क्या है।
  • इसके बाद डिकोडिंग सॉफ्टवेयर इस सीक्वेंस को वापस 0 और 1 में बदल देता है और ओरिजिनल फाइल बिना किसी एरर के स्क्रीन पर खुल जाती है।

DNA Digital Data Storage v/s अन्य स्टोरेज माध्यम

  • Hard Disk Drive (HDD): 3–5 साल का लाइफस्पैन, कम डेटा डेंसिटी, लगातार बिजली और कूलिंग की आवश्यकता, मिलीसेकंड्स में स्पीड, सस्ती (~₹1,440/TB), मुख्य उपयोग- एक्टिव सर्वर्स और क्लाउड स्टोरेज में।
  • SSD (Flash Storage): 5–10 साल का लाइफस्पैन, मध्यम डेटा डेंसिटी, बिजली की आवश्यकता, माइक्रोसेकंड्स में अल्ट्रा-फास्ट स्पीड; सस्ती (~₹5,760/TB); मुख्य उपयोग- ऑपरेटिंग सिस्टम और एप्लिकेशन्स चलाने में।
  • Magnetic Tape: 10–30 साल का लाइफस्पैन, मध्यम डेटा डेंसिटी, शेल्व्स पर रखने पर न्यूनतम बिजली, कुछ सेकंड्स की स्पीड, बहुत सस्ती (~₹960/TB), मुख्य उपयोग- लॉन्ग-टर्म बैकअप आर्काइव में।
  • DNA Digital Data Storage: हज़ारों से लाखों साल की लाइफस्पैन, बहुत अधिक डेंसिटी (~215 PB/ग्राम), शून्य बिजली की खपत (Zero Power), धीमी रीड/राइट स्पीड (घंटे से दिन), वर्तमान में बहुत ज्यादा महंगी, मुख्य उपयोग- अल्ट्रा-लॉन्ग टर्म कोल्ड स्टोरेज के लिए।
DNA storage silica capsule vs massive server data center comparison

DNA Digital Data Storage के 4 सबसे बड़े फ़ायदे

1. अकल्पनीय स्टोरेज क्षमता (Extreme Density)

  • एक ग्राम DNA में सैद्धांतिक रूप से लगभग 215 Petabytes (यानि 2 लाख 15 हज़ार Terabytes) से अधिक डेटा समा सकता है।
  • इसका सीधा मतलब यह है कि आज दुनिया का जितना भी डिजिटल इंटरनेट डेटा उपलब्ध है, उसे एक चाय के चम्मच जितने DNA में समाहित किया जा सकता है।
  • बड़े-बड़े डेटा सेंटर्स जो फुटबॉल मैदान जितने बड़े होते हैं, उनका डेटा एक छोटी सी टेस्ट ट्यूब में आ सकता है।

2. लाखों साल की उम्र (Extreme Durability)

  • मैग्नेटिक मीडिया कुछ ही सालों में डीमैग्नेटाइज़ होने लगता है। इसके विपरीत, वैज्ञानिकों को साइबेरिया की बर्फ में दबे मैमथ (Woolly Mammoth) की हड्डियों से 10 लाख साल पुराना DNA सुरक्षित मिला है (यही प्राचीन डीएनए आज वैज्ञानिकों को De-extinction यानी विलुप्त जीवों को वापस लाने में सक्षम बना रहा है)। यदि DNA को नमी और ऑक्सीजन से बचाकर रखा जाए, तो यह बिना किसी मेंटेनेंस के हज़ारों-लाखों वर्षों तक डेटा को सुरक्षित रख सकता है।
  • यदि DNA को नमी और ऑक्सीजन से बचाकर रखा जाए, तो यह बिना किसी मेंटेनेंस के हज़ारों-लाखों वर्षों तक डेटा को सुरक्षित रख सकता है।

3. कभी आउटडेट न होने वाला फॉर्मेट (Future-Proof Format)

  • टेक्नोलॉजी में सबसे बड़ी समस्या फॉर्मेट बदलने की होती है- पहले फ्लॉपी डिस्क आई, फिर CD/DVD, फिर पेनड्राइव और अब क्लाउड। पुरानी डिस्क को पढ़ने वाले ड्राइव आज आसानी से मिलते भी नहीं हैं।
  • लेकिन जब तक धरती पर इंसान और जीव विज्ञान मौजूद हैं, तब तक इंसानों के पास DNA पढ़ने की तकनीक हमेशा रहेगी। इसलिए DNA फॉर्मेट कभी अप्रचलित (Obsolete) नहीं हो सकता।

4. पर्यावरण के अनुकूल (Eco-Friendly & Green Storage)

  • ग्लोबल डेटा सेंटर्स दुनिया की लगभग 1.5% से 2% बिजली अकेले खा जाते हैं और भारी मात्रा में कार्बन उत्सर्जन करते हैं। DNA स्टोरेज को डेटा सुरक्षित रखने के लिए 1 वॉट बिजली की भी आवश्यकता नहीं होती।

बड़े वैज्ञानिक कीर्तिमान और आधिकारिक शोध

DNA  Digital Data स्टोरेज केवल एक थ्योरी नहीं है, बल्कि दुनिया की टॉप लैब्स और टेक दिग्गज इस पर काम कर रहे हैं:

  1. George Church Lab (Harvard University, 2012): डीएनए डिजिटल डेटा स्टोरेज की व्यावहारिक नींव साल 2012 में पड़ी, जब हार्वर्ड यूनिवर्सिटी के जेनेटिसिस्ट जॉर्ज चर्च और श्रीराम कोसुरी की टीम ने एक ऐतिहासिक सफलता हासिल की। हार्वर्ड के वायस इंस्टीट्यूट (Wyss Institute) द्वारा प्रकाशित इस ऐतिहासिक रिपोर्ट के अनुसार, उन्होंने पहली बार जॉर्ज चर्च की किताब (Regenesis), 53,000 से अधिक शब्दों, कुछ तस्वीरों और HTML फाइल्स (कुल लगभग 5.27 मेगाबिट्स डेटा) को डीएनए में सफलतापूर्वक एनकोड (सिंथेसाइज) और वापस डिकोड (सीक्वेंस) करके दिखाया। इस रिसर्च पेपर की ओरिजिनल फुल-टेक्स्ट PDF यहाँ से सीधे पढ़ी जा सकती है।
  2. DNA Fountain Method (bioRxiv, 2016): डेटा डेंसिटी (घनत्व) और स्टोरेज क्षमता में अगला बड़ा उछाल 2016 में आया। वैज्ञानिक यानिव एर्लिच और दीना ज़िलिंस्की ने 'डीएनए फाउंटेन' (DNA Fountain) नाम का एक नया अल्गोरिदम पेश किया। इस तकनीक ने प्रति ग्राम डीएनए में 215 पेटाबाइट्स (Petabytes) डेटा स्टोर करने की रिकॉर्ड डेंसिटी हासिल की। अपनी इस रिसर्च में उन्होंने बिना किसी एरर के एक ऑपरेटिंग सिस्टम (KolibriOS), 1895 की एक फ्रेंच फिल्म और एक अमेज़ॅन गिफ्ट कार्ड को स्टोर और रिकवर करके दुनिया को हैरान कर दिया।
  3. Microsoft Research & University of Washington (2019): स्टोरेज की इस प्रक्रिया को लैब से निकालकर पूरी तरह ऑटोमेटेड बनाने का श्रेय माइक्रोसॉफ्ट रिसर्च और यूनिवर्सिटी ऑफ वाशिंगटन को जाता है। 2019 में 'Nature Scientific Reports' (जो कि पूरी तरह फ्री और ओपन-एक्सेस है) में प्रकाशित अपने शोध में, उन्होंने दुनिया का पहला एंड-टू-एंड ऑटोमेटेड डीएनए स्टोरेज सिस्टम प्रदर्शित किया। इस सिस्टम ने बिना किसी मानवीय हस्तक्षेप के, लिक्विड-हैंडलिंग माइक्रोफ्लूइडिक्स का उपयोग करके बाइट्स को डीएनए में लिखा, स्टोर किया और वापस पढ़कर डिजिटल स्क्रीन पर 'HELLO' शब्द को सफलतापूर्वक प्रोसेस किया।
  4. DNA Data Storage Alliance (SNIA, 2020): तकनीक के प्रमाणित होने के बाद, इसे बड़े पैमाने पर कमर्शियल रूप देने की दिशा में भी कदम उठाए जा चुके हैं। अक्टूबर 2020 में माइक्रोसॉफ्ट, वेस्टर्न डिजिटल, इलुमिना (Illumina) और ट्विस्ट बायोसाइंस ने मिलकर डीएनए डेटा स्टोरेज एलायंस की स्थापना की। वर्तमान में यह संगठन SNIA (स्टोरेज नेटवर्किंग इंडस्ट्री एसोसिएशन) के आधिकारिक टेक्नोलॉजी एफिलिएट के रूप में काम कर रहा है, जिसका मुख्य उद्देश्य डीएनए स्टोरेज के लिए कमर्शियल स्टैंडर्ड्स, फाइल आर्किटेक्चर और इंटरऑपरेबिलिटी (Interoperability) तय करना है, ताकि भविष्य में यह तकनीक हर किसी के लिए सुलभ हो सके।

DNA Digital Data Storage की वर्तमान चुनौतियाँ 

वैसे यह तकनीक जादुई लगती है, लेकिन फिलहाल आपके स्मार्टफोन या लैपटॉप में DNA हार्ड ड्राइव नहीं लगने वाली। इसके पीछे मुख्य कारण हैं:
  • सिंथेसिस की भारी लागत (High Writing Cost): आज DNA को पढ़ना (Sequencing) तो काफी सस्ता हो चुका है, लेकिन रासायनिक रूप से कस्टम DNA लिखना (Synthesis) अभी भी बहुत महंगा है। 1 Megabyte डेटा लिखने में सैकड़ों डॉलर्स का खर्च आ जाता है।
  • धीमी राइट और रीड स्पीड (Slow Latency): DNA में डेटा लिखने और पढ़ने में कई घंटों या दिनों का समय लगता है। इसलिए यह आपके कंप्यूटर की RAM या SSD की जगह कभी नहीं ले सकता। इसका उपयोग केवल "Cold Archival Data" (ऐसा डेटा जिसे सुरक्षित तो रखना है, लेकिन रोज़-रोज़ एक्सेस नहीं करना, जैसे ऐतिहासिक दस्तावेज़, सैटेलाइट डेटा या मेडिकल रिकॉर्ड्स) के लिए ही होगा।

DNA की Half-Life (521 वर्ष) और Error Correction

प्राकृतिक वातावरण में DNA के बॉन्ड्स का क्षय (Degradation) होता है; अध्ययनों के अनुसार अस्थियों/हड्डियों में प्राकृतिक अवस्था में DNA की हाफ-लाइफ (Half-Life) लगभग 521 वर्ष मानी गई है। इसका अर्थ है कि हर 521 साल में इसके बैकबोन बॉन्ड्स में से आधे टूट जाते हैं- यही कारण है कि लाखों साल पुराने डायनासोर का DNA मिलना लगभग असंभव है।

Synthetic DNA स्टोरेज में डेटा को लंबे समय तक सुरक्षित रखने के लिए दो मुख्य तरीके अपनाये जाते हैं:
  • नियंत्रित कोल्ड स्टोरेज (Encapsulation): पानी, ऑक्सीजन और सूक्ष्मजीवों से दूर सीलबंद सिलिका कैप्सूल में रखने पर क्षय की दर ना के बराबर रह जाती है।
  • Error Correction Codes (ECC): एन्कोडिंग के दौरान Reed-Solomon Code और DNA Fountain Codes जैसे उन्नत एरर-करेक्शन एल्गोरिदम का उपयोग किया जाता है। यदि समय के साथ कुछ रासायनिक बॉन्ड टूट भी जाएं या सीक्वेंसिंग में एरर आए तो ये कोड्स खोए हुए डेटा को बिना किसी नुकसान के 100% सटीक रिकवर कर लेते हैं।
  • Biochemical Errors: केमिकल प्रोसेस के दौरान बेसिस के छूट जाने (Deletion) या गलत बेस जुड़ जाने (Substitution) का खतरा रहता है, जिसे ठीक करने के लिए जटिल सॉफ्टवेयर और ओवरहेड डेटा की आवश्यकता होती है।

भविष्य की स्थिति (Future Outlook)

वैज्ञानिक अब पारंपरिक केमिकल सिंथेसिस के बजाय Enzymatic DNA Synthesis (एंजाइम्स द्वारा DNA लिखने की तकनीक) पर काम कर रहे हैं जो पानी आधारित, सस्ती, तेज और पर्यावरण के लिए सुरक्षित है। आने वाले 5 से 10 सालों में, बड़े क्लाउड प्रोवाइडर्स (जैसे Microsoft Azure, Amazon AWS) अपने डेटा आर्काइव्स के लिए हाइब्रिड DNA ड्राइव्स का इस्तेमाल शुरू कर सकते हैं। 

तकनीक और जीव विज्ञान के इस भविष्य को हमने अपने विस्तृत लेख "Homo Deus: क्या इंसान सच में 'ईश्वर' बनने जा रहा है? होमो सेपियन्स के भविष्य का सच" में भी समझाया है कि कैसे आने वाले समय में 'डेटा' ही दुनिया की सबसे बड़ी ताकत बनने वाला है। यह DNA तकनीक आने वाली पीढ़ियों के पूरे इतिहास को एक छोटी सी शीशी में हमेशा के लिए सुरक्षित रख सकेगी।

अक्सर पूछे जाने वाले सवाल

Q1. क्या DNA Digital Data Storage में इंसानी शरीर के DNA का उपयोग होता है?

उत्तर: नहीं। इसमें किसी इंसान, जानवर या जीवित कोशिका के DNA का इस्तेमाल नहीं होता। यह पूरी तरह से लैब में केमिकल्स और मशीनों की मदद से बनाया गया सिंथेटिक DNA होता है।

Q2. 1 ग्राम DNA में कितना डेटा स्टोर किया जा सकता है?

उत्तर: व्यावहारिक रूप से शोधकर्ताओं ने लगभग 215 Petabytes (लगभग 2,20,000,000 Gigabytes) डेटा प्रति ग्राम स्टोर करने का प्रदर्शन किया है। सैद्धांतिक रूप से यह क्षमता 400+ Exabytes प्रति ग्राम तक भी पहुंच सकती है।

Q3. क्या DNA में रखा डेटा सुरक्षित रहता है या सड़ सकता है?

उत्तर: जीवित शरीर के बाहर, जब सिंथेटिक DNA को सूखाकर और ऑक्सीजन/नमी से अलग किसी सीलबंद कैप्सूल में रखा जाता है, तो उसमें कोई बैक्टीरिया या एंजाइम नहीं पनप सकता। इसलिए यह खराब नहीं होता और हज़ारों वर्षों तक स्थिर रहता है।

Q4. DNA स्टोरेज का इस्तेमाल आम लोग कब कर पाएंगे?

उत्तर: फिलहाल यह तकनीक आम यूज़र्स के पर्सनल कंप्यूटर या मोबाइल के लिए नहीं है। आने वाले दशक में इसका प्राथमिक उपयोग सरकारी अभिलेखागारों (National Archives), बड़े डेटा सेंटर्स, रिसर्च लैब्स और बैंकों के क्रिटिकल बैकअप के लिए होगा।

Q5. क्या DNA डेटा स्टोरेज को हैक किया जा सकता है या इसमें साइबर सिक्योरिटी के क्या जोखिम हैं?

उत्तर: भौतिक (Physical) रूप से स्टोर किया गया DNA इंटरनेट या किसी नेटवर्क से जुड़ा नहीं होता, इसलिए इसे पारंपरिक डिजिटल तरीकों (रिमोट साइबर अटैक या नेटवर्क हैकिंग) से हैक करना असंभव है। लेकिन, इसे एन्कोड/डिकोड करने वाले सॉफ्टवेयर, सीक्वेंसर और बायो-इन्फॉर्मेटिक्स सिस्टम्स साइबर खतरों के प्रति संवेदनशील हो सकते हैं। इसके अलावा, अनधिकृत भौतिक पहुंच (Physical Access) से बचाने के लिए मजबूत एन्क्रिप्शन और बायो-सिक्योरिटी प्रोटोकॉल जरुरी हैं।

Q6. क्या आग, पानी या रेडिएशन जैसी प्राकृतिक आपदाओं में भी DNA स्टोरेज सुरक्षित रहता है?

उत्तर: खुला DNA अत्यधिक गर्मी (आग) और नमी से नष्ट हो सकता है। लेकिन जब इसे सिलिका (कांच) या स्टेनलेस स्टील कैप्सूल में सील कर दिया जाता है, तो यह जलरोधी (Waterproof) और रेडिएशन-प्रतिरोधी बन जाता है। सिलिका में संरक्षित DNA उच्च तापमान और EMP (इलेक्ट्रोमैग्नेटिक पल्स) जैसी स्थितियों को भी सहन कर सकता है, जो पारंपरिक डिजिटल हार्ड ड्राइव और मैग्नेटिक टेप को तुरंत नष्ट कर देती हैं।


Chandan Pandey

नमस्कार दोस्तों, मेरा नाम चंदन पाण्डेय है। मैं विज्ञान, आधुनिक तकनीक और फ्यूचर टेक (AI, रोबोटिक्स और नेक्स्ट-जेन इनोवेशन) की दुनिया को गहराई से एक्सप्लोर करने वाला एक टेक-साइंटिफिक क्रिएटर हूँ। मुझे इन विषयों में गहरी रुचि है और मैं इनसे जुड़ी प्रामाणिक जानकारियाँ आप तक पहुँचाना चाहता हूँ। आइए, साथ मिलकर विज्ञान और तकनीक की इस दुनिया को गहराई से समझें और अपने विचार साझा करें!

Post a Comment

Previous Post Next Post